उसरी फॉल का पानी फैक्ट्री ले जाने के प्रयास का माले ने किया विरोध, आंदोलन की चेतावनी।
SHIKHAR DARPANWednesday, July 08, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
भाकपा माले नेता राजेश सिन्हा ने आरोप लगाया है कि बालमुकुंद फैक्ट्री प्रबंधन उसरी नदी से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित अपने संयंत्र तक पाइपलाइन बिछाकर पानी ले जाने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना उसरी फॉल और नदी के प्राकृतिक स्वरूप को नुकसान पहुंचाएगी, जिसे किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। राजेश सिन्हा ने बताया कि लगभग दो महीने पहले भी फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा पाइपलाइन बिछाने का प्रयास किया गया था, जिसका भाकपा माले, पर्यावरण प्रेमियों और स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध किया था। विरोध के बाद पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को बुलाकर यह स्पष्ट कराया गया था कि नदी में पाइपलाइन बिछाने का कोई आदेश विभाग द्वारा जारी नहीं किया गया है। इसके बाद कार्य रोक दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि अब फिर से बिना पथ निर्माण विभाग और प्रशासन को जानकारी दिए पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू कर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी राजनीतिक संरक्षण में यह कार्य कराया जा रहा है तो उसके खिलाफ प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा। राजेश सिन्हा ने बताया कि इस संबंध में अनुमंडल पदाधिकारी धीरेन्द्र कुमार तथा पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता राम विलास सिंह को फोन पर जानकारी दी गई है। अधिकारियों ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच का आश्वासन दिया है। माले नेताओं का आरोप है कि फैक्ट्री प्रबंधन उसरी फॉल से लगभग आधा किलोमीटर पहले नदी में पाइप लगाकर पानी फैक्ट्री तक ले जाना चाहता है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल पाइप हटाने की मांग करते हुए कहा कि यदि ऐसा नहीं हुआ तो जन आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस मौके पर कन्हाई पांडेय, मसूदन कोल, किशोर राय, नवीन पांडेय सहित कई ग्रामीण एवं पर्यावरण प्रेमी मौजूद थे। माले नेताओं ने आरोप लगाया कि कुछ स्थानीय जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक स्तर के लोगों की मिलीभगत से प्रकृति के साथ छेड़छाड़ की कोशिश हो रही है, जिसे गिरिडीह की जनता किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेगी।