सड़क निर्माण में अनियमितता का आरोप, ग्रामीणों ने गुणवत्ता पर उठाए सवाल।
SHIKHAR DARPANWednesday, July 08, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड की बदगांवा पंचायत में सोबरनपुर मोड़ से बदगांवा तक बन रही सड़क की गुणवत्ता को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। पिचिंग कार्य के दौरान ग्रामीणों ने निर्माण स्थल पर विरोध जताते हुए निर्माण में अनियमितता बरतने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क नहीं होने के कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में आवागमन बाधित हो जाता था और कई बार गंभीर मरीजों को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। ऐसे में सड़क निर्माण शुरू होने से लोगों को बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जगी थी, लेकिन अब निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीण प्रदीप मंडल, दिलशाद अंसारी, कलीमुद्दीन अंसारी, संतोष मोहली, तुलसी मोहली, सेराज अंसारी, प्रवीण कोल समेत अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण के शुरुआती चरण से ही मानकों की अनदेखी की जा रही है। उनका कहना है कि आधार परत और गार्डवाल निर्माण में भी अनियमितताएं बरती गईं, जबकि पिचिंग के दौरान अलकतरा एवं अन्य आवश्यक सामग्री का पर्याप्त उपयोग नहीं किया जा रहा है। इससे नई सड़क की सतह कई जगहों पर उखड़ने लगी है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब दो वर्ष पहले शुरू हुई यह सड़क योजना अब तक पूरी नहीं हो सकी है। उन्होंने जिला प्रशासन से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग की है।