Type Here to Get Search Results !

विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का बीडीओ ने किया निरीक्षण, घर-घर जाकर मतदाताओं को किया जागरूक।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के तहत शनिवार को पीरटांड़ प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में जागरूकता एवं निरीक्षण अभियान चलाया गया। इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज मरांडी ने क्षेत्र का दौरा कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। बीडीओ ने घर-घर जाकर मतदाताओं से संवाद स्थापित किया और उन्हें SIR फॉर्म भरने के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से समय पर फॉर्म जमा करने तथा आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुनिश्चित करना तथा मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है।

बीडीओ ने कुंडको पंचायत के जबरदाहा तथा तुएओ पंचायत के सहरिया गांवों में भी विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने संबंधित बीएलओ एवं कर्मियों को अभियान को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची लोकतंत्र की आधारशिला है, इसलिए किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने न पाए, यह सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों की जिम्मेदारी है। अभियान के दौरान ग्रामीणों को भी मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.