Type Here to Get Search Results !

बाल्हेडीह जंगल में प्रशासन का मेगा ऑपरेशन: अवैध पत्थर खनन पर बड़ी कार्रवाई, करोड़ों की मशीनें जब्त, 6 हिरासत में।

सरिया,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह जिले में अवैध पत्थर खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरिया अंचल के बाल्हेडीह जंगल में संचालित अवैध खदान पर मेगा ऑपरेशन चलाया। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर करोड़ों रुपये मूल्य की भारी मशीनें और खनन उपकरण जब्त किए, जबकि मौके से छह लोगों को हिरासत में लिया गया। कई अन्य आरोपी कार्रवाई के दौरान जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। इस कार्रवाई के बाद पूरे क्षेत्र में अवैध खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, अभियान का नेतृत्व एसडीओ संतोष गुप्ता ने किया। इस दौरान एसडीपीओ धनंजय राम, अंचल अधिकारी संतोष कुमार, सरिया थाना प्रभारी पिंकू कुमार सिंह सहित पुलिस एवं प्रशासन के कई अधिकारी और भारी संख्या में सुरक्षा बल मौजूद रहे। संयुक्त टीम ने बाल्हेडीह जंगल में स्थित अवैध खदान को चारों ओर से घेरकर चल रहे खनन कार्य को तत्काल बंद करा दिया। छापेमारी के दौरान प्रशासन ने पत्थर उत्खनन में इस्तेमाल हो रही भारी मशीनें, उपकरण और अन्य संसाधनों को जब्त कर लिया। मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ की गई तथा अवैध खनन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच शुरू कर दी गई है।

हिरासत में लिए गए छह लोगों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क और इसके संचालकों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्राथमिक जांच में ताजुद्दीन अंसारी, नरेश पासवान और सुरेश नायक के नाम सामने आए हैं। पुलिस इनकी भूमिका की जांच कर रही है और अवैध खनन से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी में जुटी है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, बाल्हेडीह जंगल में लंबे समय से अवैध पत्थर उत्खनन की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के सत्यापन के बाद योजनाबद्ध तरीके से यह विशेष अभियान चलाया गया। अचानक हुई छापेमारी से अवैध खनन में लगे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग मौके से फरार हो गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि गिरिडीह जिले में अवैध खनन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और जांच के आधार पर पूरे खनन सिंडिकेट पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि सरकारी संपत्ति और प्राकृतिक संसाधनों की अवैध लूट किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा कानून तोड़ने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.