Type Here to Get Search Results !

जमशेदपुर में करंट लगने से बिरनी के श्रमिक चेतन यादव की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम; पूर्व विधायक सहित जनप्रतिनिधियों ने परिजनों को बंधाया ढांढस।

बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।

बिरनी प्रखंड अंतर्गत पेशम पंचायत के पाण्डवाडीह गांव निवासी श्रमिक चेतन यादव (उम्र लगभग 45 वर्ष) की जमशेदपुर में करंट लगने से हुई दर्दनाक मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। रोजी-रोटी कमाने के लिए घर से बाहर गए चेतन यादव की असमय मौत की खबर मिलते ही परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। उनका पार्थिव शरीर जब पैतृक गांव पाण्डवाडीह पहुंचा तो पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, रिश्तेदार एवं शुभचिंतक उनके आवास पर उमड़ पड़े।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। गांव के लोगों ने बताया कि चेतन यादव मेहनती और मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे तथा परिवार के भरण-पोषण के लिए बाहर रहकर मजदूरी करते थे। उनकी अचानक हुई मौत से परिवार के सामने आर्थिक एवं सामाजिक संकट भी खड़ा हो गया है।

घटना की सूचना मिलते ही बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह, बिरनी प्रमुख रामु बैठा, पश्चिमी जिला परिषद प्रतिनिधि सीताराम पासवान, मुखिया प्रतिनिधि दिनेश यादव, विक्रम राय, समाजसेवी महेंद्र यादव एवं भाकपा माले नेता मुंशी विश्वकर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता मृतक के आवास पहुंचे।सभी ने शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि परिवार इस दुख की घड़ी में अकेला नहीं है और हर स्तर पर आवश्यक सहयोग प्रदान करने का प्रयास किया जाएगा।साथ ही शोक-संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।ग्रामीणों ने भी चेतन यादव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनके जाने से गांव ने एक मेहनती और सरल स्वभाव के व्यक्ति को खो दिया है। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए और नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। पूरे गांव में दिनभर शोक का माहौल बना रहा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.