तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपति को मारी टक्कर, पति की मौत, पत्नी गंभीर।
SHIKHAR DARPANSunday, July 19, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
बगोदर थाना क्षेत्र के अटका स्थित लच्छीबागी के समीप जीटी रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के लिए रांची ले जाने के दौरान पति ईश्वर महतो की मौत हो गई। वहीं, उनकी पत्नी इंद्री देवी का रांची स्थित किसी अस्पताल में इलाज चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, लच्छीबागी निवासी ईश्वर महतो अपनी पत्नी इंद्री देवी के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए बगोदर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने दोनों को रांची रेफर कर दिया। रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ईश्वर महतो ने दम तोड़ दिया, जबकि उनकी पत्नी को राँची के किसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और कुछ देर तक जीटी रोड पर स्वत: सड़क जाम की स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर बगोदर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक व कार को जब्त कर थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।