25 लाख का इनामी नक्सली अजय महतो उर्फ 'टाइगर' गिरफ्तार, गिरिडीह पुलिस की बड़ी सफलता।
SHIKHAR DARPANFriday, July 17, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
नक्सल विरोधी अभियान में गिरिडीह पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। झारखंड सरकार द्वारा 25 लाख रुपये का इनामी घोषित कुख्यात नक्सली अजय महतो उर्फ टाइगर उर्फ बासुदेव को गुरुवार देर रात गिरफ्तार कर लिया गया। वह पीरटांड़ थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव का निवासी है और लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की वांछित सूची में शामिल था। जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर हरलाडीह स्थित करमू मांझी के घर में छापेमारी की। इस दौरान घर में छिपे अजय महतो को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके साथ मौजूद दो अन्य संदिग्ध नक्सलियों को भी हिरासत में लिया गया है। तीनों से विशेष टीम पूछताछ कर रही है।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अजय महतो भाकपा (माओवादी) का स्पेशल एरिया कमेटी सदस्य और पारसनाथ क्षेत्र का जोनल कमांडर रह चुका है।
उसके खिलाफ हत्या, लेवी वसूली, पुलिस बल पर हमला, आईईडी विस्फोट, लूट और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने सहित 100 से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। झारखंड के अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा की पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी। प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक, अजय महतो समेत 12 नक्सलियों के खिलाफ देशद्रोह और यूएपीए के तहत मुकदमा चलाने की अनुशंसा पहले ही राज्य सरकार को भेजी जा चुकी थी, जिसे गृह विभाग से स्वीकृति मिल चुकी है। एसपी डॉ. बिमल कुमार ने कहा कि अजय महतो की गिरफ्तारी नक्सली संगठन के लिए बड़ा झटका है। उन्होंने बताया कि जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा और शेष सक्रिय नक्सलियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की जाएगी। फिलहाल इस खबर की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है।