Type Here to Get Search Results !

गिरिडीह में जमीन दिलाने के नाम पर ₹1.70 करोड़ की कथित ठगी, आरोपी अनूप कुमार राय गिरफ्तार, भेजा गया जेल।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

गिरिडीह के पचम्बा थाना पुलिस ने जमीन दिलाने के नाम पर ₹1 करोड़ 70 लाख की कथित धोखाधड़ी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए आरोपी अनूप कुमार राय को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ बीते 5 जुलाई को पचम्बा थाना में ठगी का मामला दर्ज कराया गया था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी बिहार भागने की तैयारी में था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया। जानकारी के अनुसार, पचम्बा थाना क्षेत्र निवासी राजीव रंजन ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया था कि अनूप कुमार राय ने जमीन दिलाने का झांसा देकर उनसे ₹1 करोड़ 70 लाख की राशि ली थी। हालांकि, रकम लेने के बाद न तो जमीन उपलब्ध कराई गई और न ही पैसे वापस किए गए। काफी प्रयास के बाद भी जब राशि वापस नहीं मिली, तब पीड़ित ने पचम्बा थाना में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस जांच के दौरान पता चला कि आरोपी अनूप कुमार राय मूल रूप से जमशेदपुर का रहने वाला है और पिछले कुछ वर्षों से घोड़थंबा में रह रहा था। इसी बीच पचम्बा पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी इन दिनों जमुआ थाना क्षेत्र में ऑरेंज रंग की स्कोडा कार से आ-जा रहा है तथा बिहार भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पचम्बा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी और तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर उसे जमुआ थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पचम्बा थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि प्राप्त आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि आरोपी अनूप कुमार राय के खिलाफ गिरिडीह नगर थाना में भी जालसाजी का एक अन्य मामला दर्ज है। पुलिस इस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने अन्य लोगों के साथ भी इसी तरह की ठगी की है या नहीं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.