स्कूल से निकलकर तालाब में नहाने गया दूसरी कक्षा का छात्र, डूबने से मौत।
SHIKHAR DARPANThursday, July 09, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के अंबाटांड़ तालाब में गुरुवार को नहाने के दौरान आठ वर्षीय छात्र फरहान अंसारी की डूबने से मौत हो गई। मृतक झगरी निवासी मो. कलीम अंसारी का पुत्र था और झगरी उत्क्रमित विद्यालय में दूसरी कक्षा का छात्र था। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने विद्यालय पहुंचकर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया तथा मुआवजे की मांग की। जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह फरहान अपने छोटे भाई और छोटी बहन के साथ रोज की तरह विद्यालय पहुंचा था। आरोप है कि वह कक्षा में अपना बैग रखने के बाद दो अन्य बच्चों के साथ अंबाटांड़ तालाब में नहाने चला गया। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तालाब से बाहर निकालकर तत्काल सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
उनका कहना है कि विद्यालय पहुंचने के बाद बच्चों की सुरक्षा की जिम्मेदारी शिक्षकों की होती है। इसके बावजूद छात्र विद्यालय से बाहर निकल गया और किसी शिक्षक को इसकी जानकारी तक नहीं हुई। परिजनों का आरोप है कि समय पर प्रार्थना सभा, उपस्थिति दर्ज करने और बच्चों की निगरानी में लापरवाही के कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। उन्होंने दोषियों पर कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।इधर विद्यालय की शिक्षिका फरीदा खातून ने बताया कि घटना के समय विद्यालय में वह अकेली शिक्षिका थीं, जबकि दूसरे शिक्षक अवकाश पर थे। उनके अनुसार छात्र बिना किसी जानकारी के विद्यालय से बाहर चला गया था। घटना की सूचना मिलने पर मुफ्फसिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।