अभाविप के 78वें स्थापना दिवस पर पीरटांड़ में स्वामी विवेकानंद वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन।
SHIKHAR DARPANThursday, July 09, 2026
0
पीरटांड,शिखर दर्पण संवाददाता।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के 78वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्र विद्यार्थी दिवस के अवसर पर पीरटांड़ प्रखंड इकाई द्वारा स्वामी विवेकानंद वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने भाग लिया। फाइनल मुकाबला मधुबन स्ट्राइकर और यंग स्टार क्लब के बीच खेला गया, जिसमें मधुबन स्ट्राइकर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के समापन समारोह में मधुबन थाना प्रभारी दीपेश कुमार, समाजसेवी भारत साहू तथा अभाविप के प्रदेश एसएफएस सह संयोजक अनीश राय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित करते हुए अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी दीपेश कुमार ने कहा कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद अपनी स्थापना काल से ही समाज हित, राष्ट्र हित एवं विद्यार्थी हित में निरंतर कार्य करती आ रही है। वहीं समाजसेवी भारत साहू ने कहा कि अभाविप आज अपने 78 वर्ष पूरे कर युवाओं को राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित कर रही है। अभाविप प्रदेश एसएफएस सह संयोजक अनीश राय ने कहा कि परिषद पूरे देश में "स्क्रीन टाइम टू एक्टिविटी टाइम" अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि जब तक युवा खेलकूद से नहीं जुड़ेंगे, तब तक उनकी शारीरिक दक्षता और मानसिक क्षमता का समुचित विकास संभव नहीं है। उन्होंने युवाओं से मोबाइल पर अधिक समय बिताने के बजाय खेल और रचनात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।प्रतियोगिता के सफल आयोजन में अभाविप कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय युवाओं की सक्रिय भूमिका रही।