Type Here to Get Search Results !

धनबाद में भीषण सड़क हादसा: पुलिस वाहन ट्रेलर से टकराया, हजारीबाग के आरक्षी की मौत, चार गंभीर।

धनबाद,शिखर दर्पण संवाददाता।

धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में हजारीबाग जिले के चलकुशा थाना में पदस्थापित आरक्षी राम लखन यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य आरक्षी, एक निजी चालक और हिरासत में लिया गया एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, चलकुशा थाना की पुलिस टीम एक मामले में धनबाद के मैथन थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक आरोपी को हिरासत में लेने के बाद हजारीबाग लौट रही थी। इसी दौरान सुबह करीब 3:30 बजे बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के जोड़ापीटल स्थित नेशनल हाईवे पर पुलिस वाहन सड़क किनारे खड़े एक ट्रेलर से पीछे से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में आगे की सीट पर बैठे आरक्षी राम लखन यादव की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं आरक्षी नरेश कुमार, आरक्षी ग्रीन पासवान, वाहन चालक और हिरासत में लिया गया व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकालकर धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सभी का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने मृतक आरक्षी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि अंधेरा और तेज रफ्तार के कारण चालक सड़क किनारे खड़े ट्रेलर का सही अनुमान नहीं लगा सका, जिससे यह भीषण दुर्घटना हुई। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। आरक्षी राम लखन यादव के निधन से पुलिस विभाग और उनके परिवार में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.