गिरिडीह में सनसनीखेज हत्याकांड: मंगेतर ने जीजा के साथ मिलकर की युवक की हत्या, प्रेम संबंध छिपाने के लिए रची साजिश।
SHIKHAR DARPANMonday, July 13, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जिले के जमुआ थाना क्षेत्र से लापता हुए 20 वर्षीय नीरज हाजरा का मामला अब एक सनसनीखेज हत्याकांड के रूप में सामने आया है। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए मृतक की मंगेतर उर्मिला कुमारी और उसके जीजा सुभाष पासवान उर्फ राजदेव हाजरा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध था और इसी कारण नीरज की हत्या की साजिश रची गई। जानकारी के अनुसार, 5 जुलाई को जमुआ चौक निवासी शुभम हाजरा ने अपने पुत्र नीरज हाजरा के लापता होने की शिकायत जमुआ थाना में दर्ज कराई थी। इसके बाद 8 जुलाई को परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई, जिसके आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं मानवीय स्रोतों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को अहम सुराग मिले। इसी बीच जमुई जिले के बिचकोड़वा थाना क्षेत्र स्थित बेला जंगल से एक अज्ञात शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान बाद में नीरज हाजरा के रूप में हुई।
जांच में सामने आया कि उर्मिला कुमारी का अपने जीजा सुभाष पासवान उर्फ राजदेव हाजरा के साथ प्रेम संबंध था। हाल ही में परिवार ने उसकी शादी नीरज हाजरा से तय कर दी थी, जिसे वह स्वीकार नहीं करना चाहती थी। हालांकि, वह अपने परिवार को अपने प्रेम संबंध के बारे में बताने का साहस नहीं जुटा सकी। ऐसे में दोनों ने मिलकर नीरज को रास्ते से हटाने की साजिश रची। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उन्होंने योजना के तहत नीरज को बुलाया और चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को बेला जंगल में फेंक दिया ताकि घटना को छिपाया जा सके। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो चाकू तथा घटना में इस्तेमाल की गई होंडा स्कूटी भी बरामद कर ली है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि हत्या की पूरी योजना किस प्रकार बनाई गई तथा घटना को किन परिस्थितियों में अंजाम दिया गया। इस सनसनीखेज खुलासे के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल है।