Type Here to Get Search Results !

जमीन विवाद में तीर - धनुष के साथ पहुंचे लोग,तिसरी पुलिस की सक्रियता से टली बड़ी घटना//एक पक्ष ने ट्रेंच काटकर तो दूसरे ने खूंटा - खम्भी गाड़कर किया अपना दावा।

तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।

तिसरी थाना क्षेत्र के भुराई गांव में रविवार को 2 एकड़ 24 डिसमिल जमीन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामला बिगड़ने से पहले तिसरी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार भुराई में मँझलू मांझी के वंशज और इनुस मियां व अन्य के बीच उक्त जमीन को लेकर पिछले 3 वर्षों से विवाद चल रहा है। यह मामला अनुमंडल न्यायालय में लंबित है। इसी बीच भुराई स्थित खाता 34, प्लॉट नंबर 605 पर इनुस मियां के पक्ष द्वारा ट्रेंच काटने और ईंट गिराने के बाद दूसरा पक्ष भी मैदान में उतर आया। मँझलू मांझी के पक्ष से दर्जनों महिला, पुरुष और बच्चे पारंपरिक तीर-धनुष व मांदर लेकर कठकोको गांव से पहुंचे और जमीन पर खूंटा-खम्भी गाड़ने लगे। इसका पहले पक्ष ने विरोध किया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की व हल्की झड़प की भी बात सामने आई। हालांकि घटना की सूचना मिलते ही तिसरी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले को शांत कराया। पुलिस की समय पर कार्रवाई से एक बड़ी घटना टल गई। मामले को लेकर दोनों पक्षों के अपने - अपने दावे हैं। 

*दोनों पक्षों के अपने - अपने दावे* 
इनुस मियां के पक्ष के लोगों का कहना है कि यह जमीन उनकी है। मामला अनुमंडल कोर्ट में चल रहा है। उन्होंने जमीन पर ट्रेंच काटी थी, लेकिन प्रशासन द्वारा रोक लगाने के बाद काम बंद कर दिया गया।वहीं दूसरे पक्ष मँझलू मांझी की ओर से रामजीत मुर्मू का कहना है कि जमीन उनके पूर्वजों की है। 3 साल से अनुमंडल कोर्ट में सिर्फ तारीख पर तारीख मिल रही है। जब पहले पक्ष द्वारा जमीन पर काम शुरू किया गया तो उनलोगों ने भी खूंटा-खम्भी गाड़कर अपना दावा पेश किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और गांव में शांति बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.