पीरटांड़ में एसआईआर-2026 को लेकर जागरूकता अभियान, बीडीओ-सीओ ने किया निरीक्षण।
SHIKHAR DARPANSunday, July 05, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर रविवार को पीरटांड़ प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में बीडीओ मनोज मरांडी एवं सीओ ऋषिकेश मरांडी ने जागरूकता अभियान चलाया तथा अभियान की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने विभिन्न गांवों में डोर-टू-डोर भ्रमण कर आम लोगों से संवाद स्थापित किया और विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, प्रपत्र जमा करने की व्यवस्था तथा अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं अधिक विश्वसनीय बनाया जा सके।निरीक्षण के दौरान बीडीओ एवं सीओ ने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर तथा संबंधित अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की और अभियान के प्रत्येक चरण को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं अद्यतनता लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। जिला प्रशासन द्वारा एसआईआर-2026 अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि अभियान का सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।