ददई दुबे की प्रथम पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, मजदूर हितों की लड़ाई को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प।
SHIKHAR DARPANFriday, July 10, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
भारतीय राष्ट्रीय ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व सांसद एवं झारखंड के पूर्व श्रम, नियोजन एवं प्रशिक्षण मंत्री स्वर्गीय चंद्रशेखर दुबे 'ददई दुबे (बाबा)' की प्रथम पुण्यतिथि पर शुक्रवार को सीसीएल राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ कार्यालय के समीप फुटबॉल मैदान में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कोयला मजदूरों, असंगठित श्रमिकों, यूनियन पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।सभा की अध्यक्षता राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर संघ (इंटक) सीसीएल गिरिडीह क्षेत्र के अध्यक्ष अधिवक्ता ऋषिकेश मिश्रा ने की, जबकि संचालन कबरीबाद शाखा के सचिव राहुल विश्वकर्मा ने किया। उपस्थित लोगों ने ददई दुबे के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो मिनट का मौन रखा। अपने संबोधन में ऋषिकेश मिश्रा ने कहा कि ददई दुबे का पूरा जीवन मजदूरों, गरीबों, किसानों और वंचित वर्ग के अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहा।
उन्होंने कहा कि सेना में सेवा देने के बाद ददई दुबे ने मुखिया से लेकर सांसद और झारखंड सरकार में श्रम मंत्री तक का सफर तय किया, लेकिन उनका जुड़ाव हमेशा मजदूरों के साथ बना रहा। उन्होंने इंटक को देश का सबसे बड़ा केंद्रीय श्रमिक संगठन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और कोयला मजदूरों की समस्याओं को सड़क से संसद तक मजबूती से उठाया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में गिरिडीह दौरे के दौरान ददई दुबे ने सीसीएल क्षेत्र के मजदूरों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए अधिकारियों व केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी पहल की थी। श्रम मंत्री रहते हुए भी उन्होंने श्रमिक कल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले लिए।
असंगठित इंटक के नेता एवं पंचायत समिति सदस्य मनोज दास ने कहा कि ददई दुबे का दरवाजा हमेशा मजदूरों के लिए खुला रहता था और वे हर समस्या को गंभीरता से सुनकर समाधान का प्रयास करते थे। वहीं राहुल विश्वकर्मा ने कहा कि उनके विचारों और संघर्ष की विरासत को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। सभा में उपस्थित सभी श्रमिकों और कार्यकर्ताओं ने ददई दुबे के आदर्शों पर चलने तथा मजदूर हितों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर यूनियन के उपाध्यक्ष रमेश कुमार झा (राम झा), प्रकाश कुमार, हरिनंदन कुमार, इकबाल अंसारी, दानिश अकरम, जोगिंदर दास, सुरेश राय, मुकेश कुमार, संतोष राम, फिरोज अंसारी, अजय साव, दिनेश रजक, मनोज रवानी, राहुल राय, पवन ठाकुर समेत बड़ी संख्या में कोयला एवं असंगठित मजदूर उपस्थित रहे।