शादी के एक माह बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, हत्या का आरोप; गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम।
SHIKHAR DARPANFriday, July 10, 2026
0
जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के कुरूमडीहा गांव में शादी के महज एक माह बाद 19 वर्षीय नवविवाहिता रज़िया खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका के मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। मृतका का मायका भूचारोबाद (आजाद नगर) में है, जबकि उसकी शादी करीब एक माह पूर्व कुरूमडीहा निवासी अफजल अंसारी से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर रज़िया को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। मायके वालों ने बताया कि आर्थिक तंगी के बावजूद चंदा जुटाकर बेटी की शादी कराई थी, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें खत्म नहीं हुईं।
घटना के बाद पति अफजल अंसारी के फरार होने की बात भी सामने आई है, जिससे परिजनों का संदेह और गहरा गया है। घटना के विरोध में शुक्रवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने जमुआ-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। वहीं, मृतका के परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।