जमुआ से लापता युवक का शव बिचकोड़वा में मिला, हत्या की आशंका; परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का लगाया आरोप।
SHIKHAR DARPANFriday, July 10, 2026
0
जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
जमुआ थाना क्षेत्र के भिखोडीह निवासी 22 वर्षीय नीरज हाजरा का शव बिचकोड़वा थाना क्षेत्र से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। नीरज 4 जुलाई से लापता था। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। मिली जानकारी के अनुसार, नीरज हाजरा राजस्थान से मजदूरी कर अपनी 7 जुलाई को होने वाली शादी में शामिल होने के लिए घर लौट रहा था। इसी दौरान वह रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन के बाद जमुआ थाना में उसकी गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। इसी बीच बिचकोड़वा थाना पुलिस को एक अज्ञात युवक का शव मिला। जांच के दौरान शव की पहचान नीरज हाजरा के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद परिजनों ने नीरज की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। उनका आरोप है कि गुमशुदगी की सूचना देने के बावजूद जमुआ पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और समय रहते आवश्यक कार्रवाई नहीं की। उनका कहना है कि यदि पुलिस तत्परता दिखाती, तो शायद नीरज की जान बचाई जा सकती थी।हालांकि, परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों पर पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।