तिसरी में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो की टक्कर से दो चचेरे भाइयों की मौत।
SHIKHAR DARPANTuesday, July 14, 2026
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
तिसरी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिसरी-गांवा मुख्य मार्ग पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। हादसा भुराई मध्य विद्यालय के समीप उस समय हुआ, जब बोलेरो और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। मृतकों की पहचान गुमगी राउत टोला निवासी 25 वर्षीय विवेक राउत (पिता- स्व. विजेंद्र राउत) तथा प्रिस राउत (पिता- विजय राउत) के रूप में हुई है। दोनों मृतक तिसरी के दक्षिणी छोर के जिला परिषद सदस्य रामकुमार राउत के रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार दोनों युवक तिसरी चौक से अपने घर गुमगी लौट रहे थे। इसी दौरान गांवा की ओर से आ रही एक काले रंग की बोलेरो ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक करीब 20 फीट दूर जाकर सड़क पर गिरे, जबकि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में प्रिस राउत की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तिसरी पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान विवेक राउत ने भी दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर तिसरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।