पैसों के विवाद में वृद्ध की पीट-पीटकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार।
SHIKHAR DARPANTuesday, July 14, 2026
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
लोकाय थाना क्षेत्र के मनसाडीह ओपी अंतर्गत झारखंड-बिहार सीमा पर स्थित कुंडी गांव में पैसों के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। सोमवार शाम हुए विवाद में 60 वर्षीय जागेश्वर भुला की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी राम भुला को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, आरोपी राम भुला अपनी मौसी सास बिगनी देवी से पुराने उधार के पैसे मांगने उनके घर पहुंचा था। बताया जाता है कि चार-पांच वर्ष पूर्व बिगनी देवी के बेटे की शादी के दौरान डीजे की व्यवस्था के लिए राम भुला से पैसे लिए गए थे, जिसे लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार शाम पैसे की मांग को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी।
इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे बिगनी देवी के वृद्ध ससुर जागेश्वर भुला ने अपनी लाठी दिखाकर राम भुला को वहां से चले जाने को कहा। इससे नाराज आरोपी ने जागेश्वर भुला के हाथ से लाठी छीन ली और उनके सिर पर लगातार कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से जागेश्वर भुला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजन शव लेकर सीधे मनसाडीह ओपी पहुंचे और आरोपी के खिलाफ हत्या की नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया। मनसाडीह ओपी प्रभारी अरविंद ठाकुर ने बताया कि मृतक की बहू बिगनी देवी के आवेदन पर आरोपी राम भुला के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है। कांड संख्या 11/26, दिनांक 13 जुलाई 2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।