पालगंज के ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर से निकली भव्य रथयात्रा, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़।
SHIKHAR DARPANThursday, July 16, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड के पालगंज स्थित ऐतिहासिक श्री जगन्नाथ मंदिर में गुरुवार को पारंपरिक रीति-रिवाज और श्रद्धा के साथ भव्य रथयात्रा महोत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान भगवान श्री जगन्नाथ, बड़े भाई बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा को सुसज्जित रथ पर विराजमान कर पूरे गांव में रथयात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने जयघोष और भक्ति गीतों के बीच रथ को खींचते हुए भगवान को महादेव मंडा स्थित मौसीबाड़ी पहुंचाया, जहां तीनों भाई-बहन दो दिनों तक शाही विश्राम करेंगे। बताया जाता है कि लगभग 250 वर्ष पूर्व पालगंज के तत्कालीन राजा द्वारा श्री जगन्नाथ मंदिर का निर्माण कराया गया था। तभी से यहां प्रत्येक वर्ष परंपरागत रूप से रथयात्रा महोत्सव का आयोजन होता आ रहा है, जिसमें आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं।
रथयात्रा से पूर्व बुधवार की संध्या मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना एवं आरती के बाद मंदिर के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले गए। रात्रि में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विशेष पूजा, ध्वजारोपण तथा रात्रि जागरण का आयोजन किया गया। धार्मिक मान्यता के अनुसार, ज्येष्ठ पूर्णिमा के दिन भगवान जगन्नाथ का महास्नान कराया जाता है, जिसके बाद वे अस्वस्थ होकर 15 दिनों के लिए 'अनवसर' (अज्ञातवास) में चले जाते हैं और मंदिर के कपाट बंद रहते हैं। गुरुवार को मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही मंदिर के गुंबद पर ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद भगवान की पूजा-अर्चना, महाप्रसाद वितरण और शाम को भव्य रथयात्रा संपन्न हुई। पूरे आयोजन को सफल बनाने में पुजारी बिमलेन्दु उपाध्याय, अनुज उपाध्याय, पंकज उपाध्याय, श्वेतांक उपाध्याय, निकुंज उपाध्याय सहित मंदिर समिति के सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा। वहीं रथयात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पीरटांड़ पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही।