मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की समीक्षा, सभी संबंधित पदाधिकारियों को समयबद्ध लक्ष्य पूरा करने के निर्देश।
SHIKHAR DARPANWednesday, July 08, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) अभियान के अंतर्गत गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने समीक्षा की। समीक्षा के दौरान अभियान की प्रगति का प्रखंडवार एवं विधानसभावार आकलन करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।समीक्षा में अवगत कराया गया कि जिले में कुल 21,12,570 गणना प्रपत्रों के वितरण के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 12,84,100 गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है, जो कुल लक्ष्य का 60.78 प्रतिशत है। इस पर उपायुक्त ने सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारियों (AERO) एवं संबंधित नोडल पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि 10 जुलाई तक शत-प्रतिशत गणना प्रपत्रों का वितरण सुनिश्चित कराया जाए तथा प्रतिदिन की प्रगति की नियमित समीक्षा करते हुए आवश्यक अनुश्रवण किया जाए।
उपायुक्त ने सभी बीएलओ (BLO) को अपने-अपने मतदान क्षेत्र में घर-घर भ्रमण कर प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने एवं प्रपत्र भरवाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वितरण एवं संग्रहण का कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए तथा कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे। बैठक में गणना प्रपत्रों के डिजिटाइजेशन कार्य की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कंप्यूटर ऑपरेटरों को निर्देश दिया कि अगले सप्ताह तक डिजिटाइजेशन कार्य को शत-प्रतिशत पूरा करें। उन्होंने कहा कि वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया समानांतर रूप से संचालित हो, ताकि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जा सके।उपायुक्त ने SIR-2026 अभियान में प्रतिनियुक्त वॉलेंटियर्स, विभिन्न विभागों के कर्मियों, कंप्यूटर ऑपरेटरों तथा अन्य सहायक मानव संसाधनों को सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा, गंभीरता एवं उत्तरदायित्व के साथ निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए अभियान को गति प्रदान करें तथा क्षेत्र में कार्यरत बीएलओ को गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य में पूर्ण सहयोग उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि SIR-2026 अभियान निर्वाचन आयोग की अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। सभी संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करते हुए समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित निष्पादन सुनिश्चित करें।