Type Here to Get Search Results !

धनवार के होटल डिस्कवरी में देह व्यापार का खुलासा, चार हिरासत में, होटल सील।

धनवार,शिखर दर्पण संवाददाता। 

गिरिडीह जिले के धनवार नगर पंचायत स्थित बड़ा चौक के होटल डिस्कवरी में पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर कथित देह व्यापार का खुलासा किया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में होटल के एक कमरे से दो युवकों और दो युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में हिरासत में लिया गया। मौके से पुलिस ने कई आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की है। खोरीमहुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि जांच के दौरान होटल में आने-जाने वाले लोगों का कोई रजिस्टर या रिकॉर्ड नहीं मिला। बिना किसी वैध एंट्री के लोगों को कमरे उपलब्ध कराए जा रहे थे, जो नियमों का उल्लंघन है।

पुलिस ने होटल के मैनेजर प्रदीप साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में यह जानकारी सामने आई कि होटल का संचालन अनिल साव कर रहा था, जो छापेमारी के दौरान फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। अनैतिक गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद मजिस्ट्रेट अभिषेक कुमार की मौजूदगी में देर शाम होटल डिस्कवरी को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान एसडीपीओ, धनवार थाना प्रभारी, बीडीओ, महिला पुलिस बल तथा बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस होटल में पहले भी दो बार इसी तरह की शिकायतों के आधार पर छापेमारी हो चुकी है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.