तिसरी में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, दो अवैध आरा मिल ध्वस्त; ट्रैक्टर, लकड़ी व उपकरण जब्त।
SHIKHAR DARPANWednesday, July 01, 2026
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
तिसरी प्रखंड अंतर्गत सिंघो पंचायत के घागरा गांव स्थित गावां वन प्रक्षेत्र में बुधवार को वन विभाग की टीम ने अवैध लकड़ी कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध आरा मशीनों को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई वन क्षेत्र पदाधिकारी अनिल कुमार के नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान वन विभाग ने अवैध रूप से संचालित दो आरा मशीनें, लकड़ी से लदा एक ट्रैक्टर, भारी मात्रा में चिरान पटरा तथा अन्य उपकरण जब्त किए। इसके बाद जेसीबी की सहायता से दोनों अवैध आरा मिलों को मौके पर ही ध्वस्त कर दिया गया।
वन क्षेत्र पदाधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि मामले में संलिप्त वन माफियाओं की पहचान की जा रही है। पहचान होने के बाद संबंधित लोगों के विरुद्ध वन अधिनियम के तहत वनवाद दर्ज कर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले वन अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे और ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ विभाग का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।इस छापेमारी अभियान में प्रभारी वनपाल अभीमीत राज, राजेंद्र प्रसाद, नीरज कुमार पाण्डेय, गौतम कुमार दास सहित वन विभाग के कई अधिकारी एवं वनकर्मी शामिल रहे।