उन्नत खेती, सरकारी योजनाओं एवं वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी लेकर सभी प्रखंडों एवं पंचायतों का भ्रमण करेगा कृषि जागरूकता रथ।
SHIKHAR DARPANWednesday, July 01, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, वैज्ञानिक खेती, प्राकृतिक एवं जैविक कृषि पद्धतियों तथा कृषि विभाग की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से आज समाहरणालय परिसर से 'बिरसा कृषि रथ-2026' को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि एवं कृषि को अधिक लाभकारी बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक किसान तक पहुंचाना आवश्यक है। बिरसा कृषि रथ इसी उद्देश्य की पूर्ति का एक प्रभावी माध्यम बनेगा। यह रथ जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों का भ्रमण कर किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों, फसल प्रबंधन, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, उन्नत बीजों के उपयोग, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, सिंचाई प्रबंधन तथा फलों एवं सब्जियों के वैज्ञानिक उत्पादन और विपणन संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराएगा।
उपायुक्त ने कहा कि कृषि क्षेत्र में नवाचार को बढ़ावा देना तथा किसानों को तकनीकी रूप से सशक्त बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। रथ के माध्यम से चौपालों, जनसंवाद कार्यक्रमों एवं दृश्य-श्रव्य माध्यमों द्वारा किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं, अनुदान आधारित कार्यक्रमों, प्राकृतिक खाद के उपयोग, कृषि यंत्रीकरण तथा कृषि आधारित स्वरोजगार एवं आय वृद्धि के नए अवसरों से भी अवगत कराया जाएगा। इससे जिले में आधुनिक खेती को प्रोत्साहन मिलेगा तथा किसानों की उत्पादकता और आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने में सहायता मिलेगी।जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले का कोई भी किसान आधुनिक कृषि तकनीकों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी से वंचित न रहे। बिरसा कृषि रथ किसानों और कृषि विभाग के बीच एक प्रभावी सेतु के रूप में कार्य करते हुए कृषि क्षेत्र में जागरूकता, नवाचार एवं आत्मनिर्भरता को नई गति प्रदान करेगा। इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी आशुतोष कुमार, जिला नजारत उप समाहर्ता आशुतोष ठाकुर, संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य अधिकारी-कर्मी उपस्थित थे।