Type Here to Get Search Results !

पीरटांड़ के कई गांवों में पहुंचा कृषि एवं पशुपालन विभाग का जागरूकता रथ, किसानों को आधुनिक खेती व सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने तथा कृषि एवं पशुपालन क्षेत्र में संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से सोमवार को कृषि एवं पशुपालन विभाग की ओर से पीरटांड़ प्रखंड के चिरकी, पालगंज, कुम्हलालो, नावाडीह सहित कई गांवों में जागरूकता रथ चलाया गया। जागरूकता रथ के माध्यम से किसानों को उन्नत खेती, फसल प्रबंधन, पशुपालन तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। पालगंज स्थित महादेवमंडा किसान प्रशिक्षण भवन के समीप आयोजित कार्यक्रम में विभागीय अधिकारियों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने, कम लागत में अधिक उत्पादन करने के उपाय, उन्नत बीजों के उपयोग, संतुलित उर्वरक प्रयोग, जैविक खेती, फसल सुरक्षा तथा जल संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी। साथ ही पशुपालन को आय का अतिरिक्त स्रोत बनाकर आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं और विभागीय सुविधाओं से भी किसानों को अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के दौरान किसानों की समस्याओं को भी सुना गया तथा उन्हें खेती और पशुपालन से जुड़े सवालों का समाधान उपलब्ध कराया गया। अधिकारियों ने किसानों से सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने और विभाग से नियमित संपर्क बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर पालगंज पंचायत समिति सदस्य योगेंद्र तिवारी, बीटीएम अमित कुमार, किसान मित्र अनिलेश गौरव सहित दर्जनों किसान उपस्थित रहे। सभी ने जागरूकता अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से किसानों को नई तकनीकों और सरकारी योजनाओं की जानकारी मिलती है, जिससे वे अपनी खेती और पशुपालन को अधिक लाभकारी बना सकते हैं। कृषि एवं पशुपालन विभाग ने बताया कि इस तरह के जागरूकता अभियान का उद्देश्य किसानों तक विभागीय योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाना, वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देना तथा कृषि एवं पशुपालन के क्षेत्र में किसानों की आय बढ़ाने के लिए उन्हें नई तकनीकों और संसाधनों से जोड़ना है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.