कर्ररी में हाथियों का तांडव, मजदूरी कर घर लौट रहे ग्रामीण की गई जान।
SHIKHAR DARPANMonday, July 13, 2026
0
बिरनी,शिखर दर्पण संवाददाता।
बिरनी प्रखंड के कर्ररी गांव में रविवार शाम जंगली हाथियों के हमले में 50 वर्षीय रामचन्द्र यादव की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक के साथ-साथ दहशत का माहौल व्याप्त है। जानकारी के अनुसार, कर्ररी निवासी रामचन्द्र यादव सरिया से मजदूरी कर शाम करीब सात बजे अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में जंगली हाथियों के झुंड से उनका सामना हो गया। हाथियों ने अचानक उन पर हमला कर दिया और कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर वन विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति भारी नाराजगी देखी गई।ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही की सूचना वन विभाग को दी जा रही थी, लेकिन हाथियों को आबादी से दूर हटाने के लिए समय पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उनका कहना है कि यदि समय रहते कदम उठाए जाते तो एक व्यक्ति की जान बचाई जा सकती थी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी वन विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए मृतक के परिजनों को शीघ्र सरकारी मुआवजा और पारिवारिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही हाथियों के बढ़ते आतंक पर नियंत्रण के लिए प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी, विशेष अभियान और ठोस सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग प्रशासन से की गई है।