चाइना मोड़ स्थित वेंकटेश्वर प्लांट में दर्दनाक हादसा, हाईवा की चपेट में आने से कर्मी की मौत।
SHIKHAR DARPANTuesday, July 21, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
चाइना मोड़ स्थित वेंकटेश्वर प्लांट में सोमवार देर रात दर्दनाक हादसे में एक कर्मी की मौत हो गई। मृतक की पहचान धनबाद जिले के निरसा निवासी राज किशोर सिन्हा के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पिछले करीब 20 वर्षों से प्लांट में कार्यरत थे और प्लांट परिसर स्थित कुटिया मंदिर के गेस्ट हाउस में रहते थे। परिजनों के अनुसार, देर रात रेक से माल खाली कराने के दौरान राज किशोर सिन्हा टॉर्च की रोशनी से हाईवा चालक को वाहन साइड कराने का संकेत दे रहे थे। इसी दौरान वह हाईवा की चपेट में आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने प्लांट प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
उनका कहना है कि प्लांट परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण हादसा हुआ। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद शव को बोरे में रखकर सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जिसे उन्होंने अमानवीय व्यवहार बताया। घटना की सूचना मिलने पर बार एसोसिएशन के महासचिव सह भाजपा नेता चुन्नू कांत और माले नेता राजेश सिन्हा सदर अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने प्लांट प्रबंधन से मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। मृतक के भांजे आयुष रंजन ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, खबर लिखे जाने तक प्लांट प्रबंधन की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।