हीरोडीह थाना पहुंचे एसपी, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन व बेहतर पुलिसिंग के दिए निर्देश।
SHIKHAR DARPANWednesday, July 08, 2026
0
जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने बुधवार को हीरोडीह थाना का रूटीन निरीक्षण कर थाना की कार्यप्रणाली, विधि-व्यवस्था तथा लंबित मामलों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना के अभिलेख, मालखाना, हाजत, कार्यालय व्यवस्था एवं साफ-सफाई का बारीकी से जायजा लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए समीक्षा बैठक में एसपी ने लंबित कांडों के त्वरित अनुसंधान एवं समयबद्ध निष्पादन पर विशेष जोर देते हुए अनुसंधानकर्ताओं को गुणवत्तापूर्ण विवेचना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया उन्होंने फरार अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी, लंबित वारंटों के निष्पादन, नियमित वाहन एवं पैदल गश्ती बढ़ाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने को कहा,
साथ ही अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस पदाधिकारियों को सक्रिय एवं जवाबदेह रहने का निर्देश दिया। एसपी ने थाना पहुंचने वाले फरियादियों के साथ संवेदनशील, सम्मानजनक एवं पारदर्शी व्यवहार करने तथा उनकी शिकायतों का त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान सुनिश्चित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि आमजन का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान खोरीमहुआ एसडीपीओ अमरेन्द्र कुमार, पुलिस अंचल निरीक्षक प्रदीप कुमार दास, हीरोडीह थाना प्रभारी महेशचंद्र सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित थे।