विधवा की शिकायत पर डीसी सख्त : पंचायत सेवक को फटकार, काम तुरंत करने का आदेश।
SHIKHAR DARPANThursday, July 02, 2026
0
तिसरी,शिखर दर्पण संवाददाता।
वज्रपात में पति खो चुकी तिसरी के चन्दौरी निवासी विधवा ममता कुमारी की शिकायत पर डीसी रामनिवास यादव ने सख्त रुख अपनाया है। डीसी ने आरोपी पंचायत सेवक घनेश्वर रविदास को तलब कर कड़ी फटकार लगाई और महिला के सभी लंबित काम तुरंत पूरा करने का आदेश दिया। ममता कुमारी ने आरोप लगाया था कि पति की मौत के बाद पेंशन और पारिवारिक लाभ योजना के लिए पंचायत सेवक काम लटका रहा था। पैसे मांगने का भी आरोप लगा था। डीसी के संज्ञान में मामला आते ही कार्रवाई हुई।
डीसी ने साफ कहा कि विधवा के सभी लंबित काम अविलंब पूरे हो, लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। घनेश्वर रविदास ने पैसे मांगने के आरोप को बेबुनियाद बताया। कहा कि महिला की पेंशन स्वीकृत हो चुकी है। वोटर कार्ड देर से जमा करने से पेंशन में विलंब हुआ। पंचायत सेवक ने कहा कि पारिवारिक लाभ योजना के लिए अंचल से सदस्यता प्रमाण पत्र जरूरी है जो अभी नहीं बना है। साथ ही बीपीएल सूची में नाम अनिवार्य है। पीड़िता ने सास ससुर या पति का बीपीएल क्रमांक जमा नहीं किया है। कागजात मिलते ही बीडीओ से स्वीकृति का आग्रह कर काम पूरा करा दिया जाएगा।