Type Here to Get Search Results !

अवैध बालू लदा ट्रैक्टर को सीओ ने किया जब्त।

जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।

अंचलाधिकारी (सीओ) नरेश वर्मा ने गुरुवार को जमुआ थाना क्षेत्र के बड़की टांड़ स्थित उसरी नदी से अवैध रूप से बालू का उठाव कर ले जा रहे एक ट्रैक्टर को जब्त कर जमुआ थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया। जानकारी के अनुसार, जमुआ थाना क्षेत्र के विभिन्न बालू घाटों से इन दिनों बड़े पैमाने पर अवैध बालू का उठाव कर जमुआ समेत आसपास के कई क्षेत्रों में इसकी बिक्री की जा रही है। प्रशासन द्वारा इस पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और अब तक कई वाहनों को पकड़ा भी जा चुका है। इसके बावजूद अवैध बालू कारोबार पर पूरी तरह अंकुश नहीं लग पाया है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि बालू के अवैध कारोबार में भारी मुनाफाखोरी हो रही है। नदियों से बालू लेकर निकलने वाले वाहनों के लिए कथित रूप से फर्जी चालान तैयार रखे जाते हैं और इन्हीं चालानों के नाम पर मोटी रकम की वसूली की जाती है।सीओ नरेश वर्मा ने बताया कि संबंधित घाटों से अवैध बालू उठाव की शिकायत मिली थी। शिकायत के सत्यापन के दौरान बालू लदा ट्रैक्टर पकड़ा गया, जिसे जब्त कर थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.