पाण्डेडीह के समीप पिकअप वैन की टक्कर से दो बाइक सवार समेत चार घायल, सभी सदर अस्पताल रेफर।
SHIKHAR DARPANThursday, July 09, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ थाना क्षेत्र के पाण्डेडीह के समीप गुरुवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना उस समय हुई जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वैन ने दो बाइकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक पर सवार सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घायलों में बराकर गमहरा निवासी दो युवक तथा चंपानगर निवासी बबलू मुर्मू और रोहित मरांडी शामिल हैं। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने सभी घायलों को सड़क से सुरक्षित बाहर निकाला और इसकी सूचना पीरटांड़ थाना पुलिस को दी।
घटना की सूचना मिलते ही पीरटांड़ थाना के अवर निरीक्षक जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सभी को गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त दोनों बाइकों तथा दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को अपने कब्जे में लेकर थाना पहुंचाया और सड़क पर यातायात को सामान्य कराया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का मुख्य कारण पिकअप वैन की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होना बताया जा रहा है।