पीरटांड़ की बेटी अंबर सालवी बनीं डॉक्टर, एमबीबीएस की डिग्री हासिल कर बढ़ाया क्षेत्र का मान।
SHIKHAR DARPANTuesday, July 07, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ की होनहार बेटी अंबर सालवी ने कठिन परिश्रम, लगन और दृढ़ संकल्प के दम पर एमबीबीएस की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूरी कर डॉक्टर बनने का सपना साकार कर लिया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। ग्रामीण, शुभचिंतक और रिश्तेदार उनके घर पहुंचकर परिवार को बधाई दे रहे हैं। अंबर सालवी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा डीएवी पब्लिक स्कूल, गिरिडीह से प्राप्त की तथा इंटरमीडिएट की पढ़ाई सुभाष पब्लिक स्कूल से पूरी की। वर्ष 2021 में उन्होंने नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, हजारीबाग में एमबीबीएस में प्रवेश लिया। वर्ष 2026 में सभी परीक्षाएं सफलतापूर्वक पास कर उन्होंने एमबीबीएस की डिग्री हासिल कर ली। अब वे जल्द ही अपनी इंटर्नशिप शुरू करेंगी।
अंबर सालवी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता अल्ताफ हुसैन और रोशन आरा, भाई-बहनों तथा पूरे परिवार के सहयोग और प्रेरणा को दिया। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य डॉक्टर बनकर समाज की सेवा करना और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है। उनकी इस उपलब्धि पर गांववासियों ने खुशी जताते हुए कहा कि अंबर सालवी ने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे पीरटांड़ क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी सफलता अन्य छात्र-छात्राओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। गांव के सदर मोहम्मद खुर्शीद रब्बानी ने कहा कि अंबर सालवी की उपलब्धि पूरे गांव के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता से गांव के अन्य बच्चे भी उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित होंगे।