घंघराबरी में 35 हाथियों का तांडव, स्कूल और कई घरों को पहुंचाया भारी नुकसान।
SHIKHAR DARPANTuesday, July 07, 2026
0
पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।
पीरटांड़ प्रखंड की सिमरकोंधी पंचायत अंतर्गत तिलैया टोला घंघराबरी में रविवार की रात करीब 11 बजे लगभग 35 जंगली हाथियों के झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने गांव में प्रवेश कर उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय घंघराबरी को निशाना बनाया। विद्यालय का मुख्य गेट, खिड़कियां और अन्य हिस्से क्षतिग्रस्त कर दिए। वहीं मध्याह्न भोजन के लिए रखे चावल सहित अन्य खाद्यान्न भी खा गए, जिससे विद्यालय को काफी नुकसान हुआ। हाथियों का झुंड यहीं नहीं रुका, बल्कि गांव के कई घरों में भी तोड़फोड़ की।
ग्रामीण रसिक हेंब्रम, विनोद हेंब्रम, हरिचंद हेंब्रम सहित कई लोगों के घर क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के दौरान पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीण रातभर जागकर हाथियों को भगाने और अपने परिवार की सुरक्षा में जुटे रहे। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड क्षेत्र में लगातार विचरण कर रहा है, जिससे लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने वन विभाग से प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने, विद्यालय को हुए नुकसान की भरपाई कराने तथा हाथियों के झुंड को आबादी से दूर सुरक्षित स्थान पर खदेड़ने की मांग की है।