गांडेय में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो भाइयों के परिवारों में खूनी संघर्ष, महिला समेत 7 घायल।
SHIKHAR DARPANSaturday, July 04, 2026
0
गांडेय,शिखर दर्पण संवाददाता।
गांडेय अंचल के अहिल्यापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गंजकुडा पंचायत के जोगनियाटांड गांव में शनिवार को जमीन विवाद को लेकर दो चचेरे भाइयों के परिवारों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में दोनों पक्षों से एक महिला सहित कुल 7 लोग घायल हो गए। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए गांडेय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, गिरिडीह रेफर कर दिया गया। घायलों में एक पक्ष के सुखदेव महतो (60), मिथलेश यादव (40), मुकेश कुमार यादव (30) और सुंदर महतो (70) शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष के अजय यादव (34), राजेंद्र यादव (28) और ललिया देवी (50) घायल हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जोगनियाटांड गांव निवासी लालु महतो और सुंदर महतो चचेरे भाई हैं। दोनों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार सुबह किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी, डंडा, तलवार, फरसा और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। शोर-शराबा सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को अलग कर मामले को शांत कराया। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। मामले को लेकर अहिल्यापुर थाना प्रभारी ऐनुल हक खान ने बताया कि अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से थाना में लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।