Type Here to Get Search Results !

अधूरी सड़क निर्माण को लेकर दो टोला के ग्रामीण आमने-सामने, प्रखंड मुख्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना जारी।

पीरटांड़,शिखर दर्पण संवाददाता।

पीरटांड़ प्रखंड के पालगंज पंचायत अंतर्गत कोयवा टांड़ गांव में अधूरी सड़क निर्माण को लेकर दो टोला के ग्रामीणों के बीच चल रहा विवाद अब आंदोलन का रूप ले चुका है। शनिवार को एक पक्ष के दर्जनों महिला-पुरुष ग्रामीण स्थानीय जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में प्रखंड मुख्यालय पहुंचे और मुख्य गेट के समीप अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क निर्माण अपने टोला की ओर से कराने की मांग करते हुए स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक धरना समाप्त नहीं किया जाएगा। धरना की सूचना मिलते ही प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) मनोज मरांडी, अंचलाधिकारी (सीओ) ऋषिकेश मरांडी तथा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता कर मामले का समाधान निकालने का प्रयास किया, लेकिन दोनों पक्ष अपनी-अपनी मांगों पर अड़े रहने के कारण कोई ठोस सहमति नहीं बन सकी।

इसके बाद भी प्रशासन ने ग्रामीणों को आपसी सहमति से विवाद समाप्त कर सड़क निर्माण पूरा कराने की अपील की। जानकारी के अनुसार, बढ़ीटोला से कोयवा टांड़ तक सड़क निर्माण योजना के तहत अधिकांश सड़क का निर्माण कुछ माह पहले ही पूरा कर लिया गया था। हालांकि अंतिम कुछ मीटर सड़क का निर्माण अब तक अधूरा पड़ा है। इसी हिस्से को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ है। एक पक्ष सड़क को अपने टोला की ओर से बनाने की मांग कर रहा है, जबकि दूसरा पक्ष भी सड़क की दिशा अपने क्षेत्र की ओर किए जाने पर अड़ा हुआ है। दोनों पक्षों के बीच सहमति नहीं बनने के कारण कई महीनों से सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

धरना-प्रदर्शन में पालगंज पंचायत के पंचायत समिति सदस्य योगेंद्र तिवारी, मुखिया शशिबाला देवी, मुखिया प्रतिनिधि बिरजू साहू सहित रोशन ठाकुर, उमेश ठाकुर, अशोक ठाकुर, निरंजन ठाकुर, राजू ठाकुर, ललिता देवी, रीना देवी, कार्तिक ठाकुर, सुनील ठाकुर समेत बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से निष्पक्ष निर्णय लेते हुए जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क अधूरी रहने से क्षेत्र के लोगों को रोजाना आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों से बातचीत कर आपसी सहमति के आधार पर जल्द समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.