Type Here to Get Search Results !

नगर निगम के विकास को लेकर माले नेता राजेश सिन्हा ने नगर आयुक्त से की मुलाकात, समस्याओं के समाधान का रखा प्रस्ताव।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं एवं उनके समाधान को लेकर भाकपा माले के नगर सचिव राजेश सिन्हा ने नवनियुक्त नगर आयुक्त विजय बिरुवा से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान उन्होंने शहर की प्रमुख समस्याओं के साथ उनके व्यावहारिक समाधान भी सुझाए। नगर आयुक्त ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए नोट किया और जनहित में आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। राजेश सिन्हा ने कहा कि विजय बिरुवा पहले इसी जिले में अपर समाहर्ता के रूप में कार्य कर चुके हैं, इसलिए वे शहर की भौगोलिक स्थिति और समस्याओं से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर आयुक्त कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम जनता के साथ बेहतर समन्वय बनाकर शहर के विकास को नई दिशा देंगे। बैठक में सबसे पहले शहर में बढ़ती जाम की समस्या पर चर्चा हुई। सिन्हा ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र के चार प्रमुख ऑटो स्टैंडों पर मूलभूत सुविधाओं का अभाव है।

उन्होंने टोटो और ऑटो के लिए अलग-अलग रूट निर्धारित करने, वाहनों पर रंगवार स्टिकर लगाने, ड्राइवरों के लिए ड्रेस कोड लागू करने तथा बिना रजिस्ट्रेशन और बिना लाइसेंस चल रहे वाहनों पर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे शहर की यातायात व्यवस्था काफी हद तक सुधर सकती है। उन्होंने शहर की खुली और जर्जर नालियों, जल निकासी की समस्या तथा कई स्थानों पर सड़क से ऊंची बनी नालियों का मुद्दा भी उठाया। साथ ही नियमित सफाई, बरसात से पहले नालियों की सफाई और ब्लीचिंग पाउडर के छिड़काव की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। पेयजल व्यवस्था को लेकर सिन्हा ने खंडोली, महादेव तालाब और चेताडीह जलापूर्ति केंद्रों में कर्मियों की कमी, कम मानदेय, जल टंकियों की वर्षों से सफाई नहीं होने तथा फिल्ट्रेशन व्यवस्था में खामियों की ओर ध्यान दिलाया। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार, टंकियों की सफाई और पानी की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की। बैठक में शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी चर्चा हुई। उन्होंने बाजार, प्रमुख चौक-चौराहों और मोहल्लों के प्रवेश एवं निकास मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का सुझाव दिया।

उनका कहना था कि इससे अपराधों पर अंकुश लगाया जा सकेगा। इसके अलावा उन्होंने प्रत्येक वार्ड पार्षद द्वारा साप्ताहिक जनता दरबार लगाने, आकांक्षा योजना के तहत कचरा उठाने वाले वाहनों और कर्मियों की संख्या बढ़ाने, सफाई कर्मियों को सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने, शहर में पार्किंग की समुचित व्यवस्था करने तथा झंडा मैदान को अस्थायी पार्किंग के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव रखा। सिन्हा ने नगर निगम की पुरानी उपयोगी गाड़ियों की मरम्मत, फॉगिंग मशीनों की संख्या बढ़ाने, प्रत्येक वार्ड में पुस्तकालय, क्लब और खेल सुविधाएं विकसित करने तथा शहर के सार्वजनिक तालाबों, कुओं और अन्य जलस्रोतों को अतिक्रमण से मुक्त कर संरक्षित करने की भी मांग की। नगर आयुक्त विजय बिरुवा ने बैठक के दौरान सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और उन्हें नोट करते हुए कहा कि जनहित को प्राथमिकता देते हुए नगर निगम क्षेत्र के विकास के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.