Type Here to Get Search Results !

विश्व जनसंख्या दिवस पर गिरिडीह में "जनसंख्या स्थिरता अभियान-2026" का शुभारंभ, 10 अगस्त तक चलेगा अभियान।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर शनिवार को जिला स्वास्थ्य समिति, गिरिडीह के तत्वावधान में एमसीएच, चैताडीह में "जनसंख्या स्थिरता अभियान-2026" का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। यह अभियान 11 जुलाई से 10 अगस्त 2026 तक जिलेभर में संचालित किया जाएगा। इस वर्ष अभियान की थीम "जब बच्चों में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल" रखी गई है। अभियान के तहत जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में परिवार नियोजन, जनसंख्या स्थिरता और मातृ-शिशु स्वास्थ्य से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला परिषद अध्यक्ष मुनिया देवी ने कहा कि जनसंख्या स्थिरता केवल स्वास्थ्य का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास का भी महत्वपूर्ण आधार है।

उन्होंने छोटे परिवार, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य तथा महिलाओं के सशक्तिकरण के प्रति लोगों को जागरूक होने और परिवार कल्याण सेवाओं का लाभ लेने की अपील की। उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने कहा कि अभियान का उद्देश्य प्रत्येक दंपति तक परिवार नियोजन संबंधी सही जानकारी और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक जागरूकता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. बच्चा प्रसाद सिंह एवं चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सजना शर्मा ने परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों, जन्मांतराल के महत्व, सुरक्षित मातृत्व और किशोर स्वास्थ्य पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम में परिवार नियोजन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों एवं प्रेरकों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में जिला आरसीएच पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, उपाधीक्षक सदर अस्पताल, चिकित्सक, एएनएम, सहिया, बीटीटी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के दौरान लोगों से निकटतम सरकारी स्वास्थ्य संस्थान में उपलब्ध निःशुल्क परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की गई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.