Type Here to Get Search Results !

अहिल्यापुर-बरकार मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से 61 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, एक गंभीर।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

गिरिडीह जिले के ताराटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत अहिल्यापुर-बरकार मार्ग पर गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में 61 वर्षीय अयोध्या प्रसाद यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार भगरु यादव (35) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र के गुलियाडीह गांव के निवासी हैं। हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, अयोध्या प्रसाद यादव गुरुवार को अपने मामा के घर आए हुए थे। देर रात वे भगरु यादव के साथ एक ही बाइक से अपने गांव गुलियाडीह लौट रहे थे। इसी दौरान अहिल्यापुर और बरकार के बीच तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे। अयोध्या प्रसाद यादव की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि भगरु यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना स्थानीय लोगों और राहगीरों ने परिजनों को दी। इसके बाद दोनों को एंबुलेंस से गिरिडीह सदर अस्पताल लाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने अयोध्या प्रसाद यादव को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल भगरु यादव की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। शुक्रवार सुबह मृतक के परिजन पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल पहुंचे, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। घटना से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। इधर, ताराटांड़ थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके फरार चालक की तलाश में जुटी है तथा मामले की जांच कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.