Type Here to Get Search Results !

बेंगाबाद के धबरा गांव में नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 350 पेटी शराब समेत भारी मात्रा में सामग्री जब्त।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बेंगाबाद थाना क्षेत्र के धाधरा गांव में संचालित नकली विदेशी शराब निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। गुप्त सूचना के आधार पर उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू के नेतृत्व में उत्पाद विभाग एवं बेंगाबाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब एवं शराब निर्माण में प्रयुक्त सामग्री जब्त की। छापेमारी के दौरान अधिकारियों ने पाया कि एक बड़े चारदीवारी के भीतर टीन शेड बनाकर प्रतिष्ठित ब्रांडों के नाम पर नकली विदेशी शराब तैयार की जा रही थी। मौके से 350 पेटी तैयार विदेशी शराब (रॉयल स्टैग, आइकोनिक एवं रॉयल चैलेंज ब्रांड), 4000 लीटर स्प्रिट, 55 रोल नकली लेबल, 25 हजार नकली ढक्कन, 20 रोल नकली होलोग्राम, 60 बोरा खाली बोतल, 1000 कार्टन, एक पिकअप वाहन, एक महिंद्रा एसीई तथा 20 लीटर कैरेमल बरामद किया गया।

उत्पाद विभाग ने इस मामले में झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए), 52(डी) एवं 55 के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब निर्माण और तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। छापेमारी दल में उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू, पुलिस अवर निरीक्षक जगन्नाथ पान, उत्पाद अवर निरीक्षक रवि रंजन, पुलिस सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण महतो, सशस्त्र बल, गृह रक्षक जवान एवं अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। प्रशासन की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.