Type Here to Get Search Results !

ट्रेन की चपेट में आने से 40 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पहाड़ीडीह स्थित गिरिडीह–कोडरमा रेल ट्रैक पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 40 वर्षीय व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मृतक का शव क्षत-विक्षत हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल छा गया। मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जीतपुर निवासी मनोज गोपालक (40) के रूप में हुई है। वह बैनी गोपालक के पुत्र थे। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह किसी समय वह रेल ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आ गए। हालांकि, घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है। स्थानीय लोगों ने रेल ट्रैक पर शव देख इसकी सूचना रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि घटना महज एक हादसा थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। घटना की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे। शव की स्थिति देखकर परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मनोज गोपालक अपने पीछे चार बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने बताया कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.