जमुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: पांच वारंटी गिरफ्तार, न्यायिक हिरासत में भेजे गए जेल।
SHIKHAR DARPANWednesday, July 01, 2026
0
जमुआ,शिखर दर्पण संवाददाता।
जमुआ थाना पुलिस ने फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध माननीय न्यायालय से गैर-जमानतीय वारंट (NBW) जारी था। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मिर्जागंज निवासी राम कुमार राम और प्रेम राम उर्फ प्रेम कुमार लोहनी (पिता झारखंडी राम) शामिल हैं। दोनों की गिरफ्तारी जीआर संख्या 3141/26 मामले में की गई है। वहीं सीसी संख्या 1019/26 मामले में लताकी पंचायत अंतर्गत चनको निवासी कारू हाजरा उर्फ गणपत हाजरा और दयानंद हाजरा (पिता स्व. वेदों हाजरा) को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा बदडीहा निवासी लखन रविदास को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
*चिकित्सीय जांच के बाद भेजा गया जेल:- गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों की विधिवत मेडिकल जांच कराई गई। इसके बाद पुलिस सुरक्षा में उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेश पर सभी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।थाना पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में फरार चल रहे अन्य वारंटियों और अपराधियों के खिलाफ भी विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए फरार आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।