जनसभा मामले में गिरिडीह व्यवहार न्यायालय पहुंचे डुमरी विधायक जयराम महतो, समर्थकों की उमड़ी भीड़।
SHIKHAR DARPANTuesday, June 30, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
जयराम महतो मंगलवार को वर्ष 2023 में बनियाडीह फुटबॉल मैदान में आयोजित जनसभा से जुड़े मामले में पेशी देने गिरिडीह व्यवहार न्यायालय पहुंचे। इस मामले में विधायक समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज है। विधायक के न्यायालय पहुंचते ही समर्थकों और आम लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। कोर्ट परिसर में दर्जनों समर्थकों ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ सेल्फी लेने का सिलसिला शुरू हो गया। कुछ देर तक पूरे न्यायालय परिसर में उत्साह और चहल-पहल का माहौल बना रहा। मामले में विधायक की ओर से अधिवक्ता मोहम्मद आबिद अंसारी ने अदालत में पक्ष रखा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में बनियाडीह फुटबॉल मैदान में आयोजित जनसभा के लिए प्रशासन से पूर्व अनुमति ली गई थी। इसके बावजूद बाद में बिना किसी पूर्व सूचना या नोटिस के विधायक समेत पांच लोगों के विरुद्ध मामला दर्ज कर दिया गया। अधिवक्ता ने कहा कि अदालत में मामले की विधिसम्मत पैरवी की जा रही है और उन्हें न्यायालय से निष्पक्ष न्याय मिलने की पूरी उम्मीद है। उन्होंने बताया कि मामले की अगली सुनवाई न्यायालय द्वारा निर्धारित तिथि पर होगी। पेशी के दौरान न्यायालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी के कारण कुछ समय तक कोर्ट परिसर में खासा उत्साह का माहौल देखने को मिला।