Type Here to Get Search Results !

जानिए 25 लाख के नक्सली अजय महतो के ऊपर पीरटांड-खुखरा एवं मधुबन थाना में कितने मामले है दर्ज।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

पुलिस के अनुसार अजय महतो उर्फ टाइगर के खिलाफ पीरटांड़ थाना क्षेत्र में कई बड़ी नक्सली घटनाओं के मामले दर्ज हैं। जिनमें पीरटांड थाना क्षेत्र की प्रमुख घटनाएं:- 8 फरवरी 2008 को दलवाडीह क्षेत्र में हुए मुठभेड़ में सीआरपीएफ 126 ई कंपनी के जवान बालाजी यंगराज की हत्या कर दी गई थी। इसके अगले दिन 9 फरवरी 2008 को बेदी गांव में हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ डी कंपनी के जवान मुन्नालाल शर्मा और जैप-1 के जवान यम थापा शहीद हुए थे। 19 मई 2008 को बरहागढ़ी गांव में पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर ग्रामीण मुमताज अली की हत्या कर दी गई। वहीं 25-26 अगस्त 2010 की मध्य रात्रि में चिरकी बाजार स्थित झारखंड विकास मोर्चा कार्यालय को विस्फोट कर उड़ा दिया गया था। 28 जनवरी 2013 को हरलाडीह चांदनी चौक में एक व्यक्ति की हत्या कर शव को बीच चौराहे पर फेंक दिया गया था। इसके बाद 5 फरवरी 2013 को सियरजोरी गांव में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में पुलिस जवान अजित कुमार सिंह शहीद हो गए थे। 22 जनवरी 2014 को तुईयो गांव में पंचायत भवन को विस्फोट कर उड़ा दिया गया। वहीं 25 जनवरी 2014 को धुलियामट्टी-धोलाई पहाड़ के समीप किए गए बम विस्फोट में सीआरपीएफ जवान बादल राय शहीद हो गए थे, जबकि 17 जवान घायल हुए थे। इसके अलावा 17 जून 2016 को जमुआ हेसलो में हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ जवान बालेन हरिजन की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार पीरटांड़ थाना क्षेत्र में अजय महतो के खिलाफ कुल 68 गंभीर नक्सली मामले दर्ज हैं।

*खुखरा थाना क्षेत्र की प्रमुख घटनाएं:-
खुखरा थाना क्षेत्र में भी अजय महतो के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज हैं। 2 अप्रैल 2016 को जीतपुर गांव स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय के समीप पुलिस पार्टी को निशाना बनाकर नक्सलियों ने बारूदी सुरंग विस्फोट किया था। इस घटना में छह जवान घायल हुए थे। इसके अलावा 16 मई 2017 को केदुआडीह गांव में लेवी की रकम नहीं देने के आरोप में शमशेर जंगी की हत्या कर दी गई थी। पुलिस के अनुसार खुखरा क्षेत्र में अजय महतो नक्सली संगठन के लिए लेवी वसूली और संगठनात्मक गतिविधियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता था। इसी खुखरा थाना क्षेत्र के हरलाडीह ओपी अंतर्गत पिपराडीह के खवासटांड़ स्थित घने जंगल में 17 जुलाई 2026 को चलाए गए विशेष अभियान में 25 लाख रुपये के इनामी SAC कमांडर अजय महतो को गिरफ्तार किया गया।

*मधुबन थाना क्षेत्र की प्रमुख घटनाएं:-
मधुबन थाना क्षेत्र में भी अजय महतो और उसके दस्ते द्वारा कई गंभीर नक्सली घटनाओं को अंजाम दिया गया था। 30 जुलाई 2016 को छछंदो गांव में पुलिस मुखबिरी के आरोप में दीपक हांसदा की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद 10 फरवरी 2017 को बिरनगढ़ा मोड़ के पास आम नागरिक बिरबल मुर्मू की गला काटकर हत्या कर दी गई। वहीं 31 जनवरी 2018 को जियराडीह जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई थी, जिसमें एक जवान गोली लगने से घायल हो गया था। 24-25 मई 2018 के बीच पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाकर एक व्यक्ति के माता-पिता का अपहरण कर उनकी गला काटकर हत्या कर दी गई थी। इन घटनाओं से स्पष्ट है कि पारसनाथ क्षेत्र में नक्सली संगठन के प्रभाव को बनाए रखने में अजय महतो की महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। एसपी डॉ. विमल कुमार ने बताया कि अजय महतो की गिरफ्तारी से पारसनाथ क्षेत्र में नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। 25 लाख रुपये के इनामी SAC सदस्य की गिरफ्तारी गिरिडीह पुलिस और कोबरा-209 की संयुक्त कार्रवाई की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.