Type Here to Get Search Results !

सड़क दुर्घटना में बाइक सवार पति की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल//जमुआ में डॉक्टर से इलाज कराकर बाइक से लौट रहे थे दंपति। पथलनावाडीह के पास हुआ हादसा।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

पचंबा-जमुआ मुख्य मार्ग पर पथलनावाडीह के समीप शनिवार को हुई सड़क दुर्घटना में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय सुनील पासवान, निवासी डांडीडीह के रूप में हुई है। घायल पत्नी बेजेंती देवी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया है। बताया जाता है कि सुनील पासवान अपनी पत्नी बेजेंती देवी के साथ बाइक से जमुआ स्थित एक डॉक्टर के यहां इलाज कराने गए थे। इलाज के बाद दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पथलनावाडीह के समीप बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दोनों पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए।

इसी दौरान उसी मार्ग से कैंप ड्यूटी समाप्त कर एंबुलेंस से लौट रहीं डॉक्टर नेहा कुमारी की नजर घायलों पर पड़ी। उन्होंने तत्काल एंबुलेंस रुकवाकर दोनों घायलों को एंबुलेंस में बैठाया और सदर अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सुनील पासवान को मृत घोषित कर दिया। वहीं, बेजेंती देवी की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। सुनील का शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पुलिस भी अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत आवश्यक कानूनी प्रक्रिया में जुट गई।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.