मतदाता सुविधा सर्वोपरि:- 18 एवं 20 जुलाई को शहरी मतदान केंद्रों पर लगेगा विशेष शिविर, प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचेगा गणना प्रपत्र- उपायुक्त रामनिवास यादव।
SHIKHAR DARPANFriday, July 17, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 (SIR-2026) के तहत शहरी क्षेत्रों के मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दिनांक 18 जुलाई एवं 20 जुलाई, 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने आवश्यक आदेश जारी करते हुए कहा कि 32 गिरिडीह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के शहरी क्षेत्र अंतर्गत स्थित कुल 185 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। उपायुक्त ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, बी.एल.ओ., बी.एल.ओ. सुपरवाइजर एवं प्रतिनियुक्त कर्मियों को पूरी गंभीरता एवं जवाबदेही के साथ कार्य संपादित करने का निर्देश दिया है। उपायुक्त ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करना तथा मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं त्रुटिरहित बनाना है। इसके लिए शहरी क्षेत्र के सभी संबंधित मतदान केंद्रों पर प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, जहां बी.एल.ओ. स्वयं उपस्थित रहकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराएंगे तथा उन्हें भरने एवं जमा करने में आवश्यक सहयोग प्रदान करेंगे।
उन्होंने निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर उपलब्ध सभी गणना प्रपत्रों को मतदाताओं की संख्या के अनुरूप सुव्यवस्थित रखा जाए ताकि किसी भी मतदाता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। ऐसे मतदाता जो किसी कारणवश अपने मतदान क्षेत्र से बाहर रह रहे हैं, वे भी अपने संबंधित बी.एल.ओ. से संपर्क स्थापित कर गणना प्रपत्र प्राप्त कर सकेंगे।जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बी.एल.ओ. सुपरवाइजरों को शिविर अवधि के दौरान मतदान केंद्रों का सतत भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने तथा आवश्यक सहयोग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति कर शिविरों का सफल संचालन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने जिले के सभी शहरी क्षेत्र के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे 18 एवं 20 जुलाई को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष शिविर में अवश्य पहुंचें, गणना प्रपत्र प्राप्त कर उसे समय पर भरकर जमा करें तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला एक शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।