Type Here to Get Search Results !

उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने समिति के समक्ष जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की अद्यतन प्रगति से अवगत कराया।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

झारखंड विधानसभा की अनागत प्रश्न क्रियान्वयन समिति के माननीय अध्यक्ष-सह-देवघर विधायक सुरेश पासवान एवं समिति के अन्य सदस्यों के गिरिडीह आगमन पर उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक, डॉ बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी एवं नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके उपरांत नया परिसदन भवन में समिति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में संचालित विकास योजनाओं, विधानसभा के अनागत प्रश्नों के निष्पादन तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने समिति के समक्ष जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की अद्यतन प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन सभी योजनाओं के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए सतत प्रयासरत है तथा आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।

समीक्षा के दौरान समिति के माननीय अध्यक्ष सुरेश पासवान ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों में और अधिक तेजी लाई जाए तथा सभी योजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने विधानसभा के अनागत प्रश्नों का समयबद्ध एवं तथ्यपरक निष्पादन सुनिश्चित करने, कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने तथा जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर विशेष बल दिया। उप विकास आयुक्त ने बैठक में उपस्थित सभी विभागीय पदाधिकारियों को समिति द्वारा दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि जिले के विकास को और अधिक गति मिल सके। बैठक के दौरान विभागवार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए तथा जिला प्रशासन ने समिति को आश्वस्त किया कि सभी निर्देशों का समयबद्ध एवं प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.