Type Here to Get Search Results !

झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के कदाचारमुक्त एवं शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता। 

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग, रांची द्वारा आयोजित झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के सफल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने परीक्षा कार्य में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आपसी समन्वय, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा के सफल संचालन में केंद्राधीक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन के दौरान यदि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो संबंधित नोडल पदाधिकारी से तत्काल संपर्क स्थापित कर उसका त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा का सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन सभी पदाधिकारियों की सामूहिक जिम्मेदारी है। परीक्षा प्रत्येक स्तर पर पूरी सतर्कता, पारदर्शिता एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराई जाए, ताकि सभी अभ्यर्थियों को निष्पक्ष एवं समान अवसर उपलब्ध हो सके। बैठक में बताया गया कि झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 का आयोजन 19 जुलाई, 2026 को तीन पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली प्रातः 8:30 बजे से 10:30 बजे तक, द्वितीय पाली 11:30 बजे से अपराह्न 1:30 बजे तक तथा तृतीय पाली अपराह्न 3:30 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित होगी। जिले में परीक्षा के लिए कुल 25 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें लगभग 11,400 परीक्षार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। जिला प्रशासन द्वारा परीक्षा के सफल, सुरक्षित, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं। बैठक में पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी, अपर समाहर्ता वैभव कुमार सिंह, आईएएस प्रशिक्षु, जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार, सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक सहित परीक्षा संचालन से जुड़े सभी अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.