बिरयानी खाने के बाद एक ही परिवार के तीन लोग बीमार, 2 साल का मासूम अस्पताल में भर्ती।
SHIKHAR DARPANMonday, July 20, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के झरियागादी में कथित रूप से खराब बिरयानी खाने के बाद एक ही परिवार के तीन सदस्य बीमार हो गए। बीमारों में दो वर्षीय मासूम भी शामिल है। तीनों को उल्टी और पेट दर्द की शिकायत के बाद शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़ित मो. आजम के अनुसार, रविवार देर शाम वह भंडारीडीह स्थित एक फास्ट फूड दुकान से बिरयानी का पार्सल लेकर घर पहुंचे थे। घर पर उन्होंने अपनी पत्नी फातिमा खातून और दो वर्षीय बेटे मो. साहिल रजा के साथ बिरयानी खाई।
कुछ ही देर बाद तीनों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उल्टी व पेट दर्द होने लगा। परिजनों ने तत्काल तीनों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित ने आरोप लगाया कि बिरयानी खराब या विषाक्त थी। उन्होंने बताया कि परिवार के नौ सदस्यों में सिर्फ तीन लोगों ने बिरयानी खाई थी और बीमार भी वही हुए। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, तीनों की हालत फिलहाल स्थिर है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और साफ-सफाई की नियमित जांच कराने की मांग की है।