मतदाता सुविधा सर्वोपरि: प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंचेगा गणना प्रपत्र, 18 एवं 20 जुलाई को शहरी क्षेत्र के 185 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर।
SHIKHAR DARPANSaturday, July 18, 2026
0
गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।
भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 (SIR-2026) के तहत शहरी क्षेत्रों के मतदाताओं की सुविधा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 18 जुलाई एवं 20 जुलाई, 2026 को विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार 32-गिरिडीह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के शहरी क्षेत्र अंतर्गत कुल 185 मतदान केंद्रों पर प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 4:00 बजे तक विशेष शिविर संचालित होंगे। उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम का मूल उद्देश्य प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करना तथा मतदाता सूची को पूर्णतः शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों, बी.एल.ओ., बी.एल.ओ. सुपरवाइजर एवं प्रतिनियुक्त कर्मियों को पूरी जवाबदेही, पारदर्शिता एवं गंभीरता के साथ कार्य संपादित करने का निर्देश दिया है। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या के अनुरूप पर्याप्त मात्रा में गणना प्रपत्र उपलब्ध रहें तथा प्रत्येक मतदाता को प्रपत्र प्राप्त करने, उसे सही ढंग से भरने एवं समय पर जमा करने में आवश्यक सहयोग दिया जाए। साथ ही, जो मतदाता किसी कारणवश अपने मतदान क्षेत्र से बाहर रह रहे हैं, वे भी अपने संबंधित बी.एल.ओ. से संपर्क कर गणना प्रपत्र प्राप्त कर सकेंगे। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बी.एल.ओ. सुपरवाइजरों को शिविर अवधि के दौरान मतदान केंद्रों का सतत भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त कर्मियों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करते हुए शिविरों का सफल संचालन कराने के निर्देश दिए हैं।
*निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने परखी व्यवस्थाएं :- जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रामनिवास यादव ने एच.ई. हाई स्कूल, गिरिडीह एवं उत्क्रमित मध्य विद्यालय, बस स्टैंड, गिरिडीह स्थित मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने SIR-2026 के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति का अवलोकन किया तथा उपस्थित बी.एल.ओ. एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करते हुए कार्य को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किया जाए। उन्होंने मतदाताओं से संवाद कर गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की जानकारी भी ली तथा मतदान केंद्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उपायुक्त ने जिले के सभी शहरी क्षेत्र के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि वे 18 एवं 20 जुलाई को अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष शिविर में अवश्य पहुंचें, गणना प्रपत्र प्राप्त कर उसे सही ढंग से भरकर समय पर जमा करें तथा मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाएं। उन्होंने कहा कि एक सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी मतदाता सूची है और इसमें प्रत्येक नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।