Type Here to Get Search Results !

उपायुक्त के निर्देशानुसार जिले के सभी प्रखंडों में दो-दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का आयोजन, घर के निकट मिलेगी लाइसेंस की सुविधा।

गिरिडीह,शिखर दर्पण संवाददाता।

उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देशानुसार आम नागरिकों को ड्राइविंग लाइसेंस संबंधी सेवाएं उनके प्रखंड स्तर पर उपलब्ध कराने तथा परिवहन सेवाओं को अधिक सरल, सुलभ एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिले के सभी 13 प्रखंडों में विशेष दो-दिवसीय ड्राइविंग लाइसेंस कैंप आयोजित किए जाएंगे। उपायुक्त रामनिवास यादव ने सभी पात्र युवाओं एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने-अपने प्रखंड मुख्यालय में आयोजित कैंप में पहुंचकर ड्राइविंग लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया पूरी करें तथा जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस महत्वपूर्ण सुविधा का अधिकाधिक लाभ उठाएं। उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में कैंप का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें, ताकि अधिक से अधिक पात्र व्यक्ति इसका लाभ उठा सकें। इसके अतिरिक्त सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कैंप के दौरान आवेदकों के ब्लड ग्रुप परीक्षण एवं शारीरिक फिटनेस (Physical Fitness) प्रमाण-पत्र निर्गत करने हेतु आवश्यक लैब तकनीशियन एवं एमबीबीएस चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें, ताकि आवेदकों को सभी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकें।

इस संबंध में जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष कुमार ने विस्तृत कार्यक्रम जारी कर बताया कि प्रत्येक प्रखंड मुख्यालय में दो दिनों तक प्रातः 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक कैंप का आयोजन किया जाएगा। कैंप के दौरान नए ड्राइविंग लाइसेंस हेतु आवेदन, दस्तावेजों का सत्यापन, ऑनलाइन प्रक्रिया, ड्राइविंग टेस्ट एवं अन्य आवश्यक औपचारिकताएं नियमानुसार पूरी की जाएंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बेंगाबाद (01 एवं 02 जुलाई), जमुआ (04 एवं 06 जुलाई), तिसरी (08 एवं 09 जुलाई), देवरी (10 एवं 11 जुलाई), गावां (14 एवं 15 जुलाई), धनवार (17 एवं 18 जुलाई), गिरिडीह सदर (21 एवं 22 जुलाई), पीरटांड़ (24 एवं 25 जुलाई), डुमरी (27 एवं 28 जुलाई), बगोदर (31 जुलाई एवं 01 अगस्त), बिरनी (04 एवं 05 अगस्त), सरिया (07 एवं 08 अगस्त) तथा गांडेय (12 एवं 13 अगस्त) को संबंधित प्रखंड परिसर में कैंप आयोजित होंगे। जिला परिवहन पदाधिकारी ने सभी पात्र नागरिकों से निर्धारित तिथि एवं समय पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने संबंधित प्रखंड परिसर में उपस्थित होकर ड्राइविंग लाइसेंस कैंप का लाभ उठाने की अपील की है। नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.